घोरावल तहसील क्षेत्र के भैंसवार गांव में धरने पर बैठे किसान । स्रोत स्वयं
स्थानीय ब्लॉक क्षेत्र के भैसवार गांव में चकबंदी में कथित अनियमितताओं के विरोध में किसानों का आंदोलन रविवार यानी 482वें दिन भी जारी रहा। सेमरीहवा टोला स्थित बछनार वीर बाबा देवस्थान पर भाकियू लोक शक्ति के बैनर तले किसानों ने धरना देकर जमीन बचाने की मांग उठाई।
भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्योराज सिंह भाटी ने धरना स्थल पर पहुंचकर आंदोलन तेज करने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो इसका असर 2027 के चुनाव में देखने को मिल सकता है। पूर्वांचल प्रभारी रामानंद जी महाराज ने कहा कि चकबंदी की कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच होने तक प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ने दी जाएगी। उन्होंने पांच सूत्री मांगों को लेकर चकबंदी आयुक्त कार्यालय लखनऊ में महापंचायत करने की घोषणा की। जिलाध्यक्ष बिरजू कुशवाहा और राष्ट्रीय प्रवक्ता ओमवीर सिंह ने भी किसानों की समस्याओं के समाधान की मांग उठाई। धरने में अवधेश कुमार राय, बृजेश सिंह, अनिल कुमार भाटी, श्रवण कुमार सिंह, धनंजय सिंह, अखिलेश त्रिपाठी, बजरंगी कुशवाहा, संजय कुमार यादव समेत बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।