राबर्ट्सगंज नवीन सब्जी मंडी परिसर में धान क्रय केंद्र पर धान की तौल कराते किसान।
- फोटो : SONBHADRA
सोनभद्र। जिले में धान क्रय करने के लिए 75 केंद्र बनाए गए हैं लेकिन अभी तक 73 केंद्रों पर ही धान खरीद हो रही है। इन केंद्रों पर करीब 11200 मीट्रिक टन धान की खरीद हो चुकी है। वहीं धान का उठान न होने से कई केंद्रों पर खरीद ठप है। धान विक्रय करने के लिए कई दिनों तक किसानों इंतजार करने के साथ ही रखवाली करनी पड़ रही है। मंगलवार को राबर्ट्सगंज नगर में स्थित धान क्रय करने के लिए बनाए गए केंद्र पर किसान परेशान दिखे।
राबर्ट्सगंज नवीन मंडी परिसर में स्थित धान क्रय केंद्र पर आठ दिनों से धान बेचने के लिए बारी का इंतजार कर रहे घुवास गांव निवासी किसान गुड्डू और कैथी निवासी ओम प्रकाश ने कहा कि मंडी समिति परिसर में तौल मशीन सीमित होने के कारण धान खरीद धीमी गति से हो रहा है। पुसौली के किसान अभिषेक पटेल और मानपुर के नूतन प्रसाद मानपुर के अभिषेक पटेल ने कहा कि ठंड के मौसम में 7 से 8 दिनों से ट्रैक्टर-ट्राली पर धान लाद कर बारी का इंतजार कर रहे हैं। अलाव की समुचित व्यवस्था न होने से परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि एक खतौनी पर सिर्फ 50 क्विंटल धान खरीद की जा रही है। दुद्धी: कस्बे में स्थित मंडी परिसर में दो धान क्रय केंद्र बनाए गए है। इन केंद्रों पर ठंड से किसानों को बचाने के लिए छाजन, अलाव आदि की व्यवस्था है। एसडीएम रमेश कुमार ने बताया कि क्षेत्र के धान क्रय केंद्रों पर धान की खरीदारी की जा रही है। उन्होंने किसानों से अपील किया है कि अपने धान की उपज बिचौलियों को न विक्रय करें।
विंढमगंज: धान क्रय केंद्र क्रय विक्रय समिति सलैयाडीह पर धान की खरीदारी हो रही है। यहां पर किसानों को बैठने के लिए कुर्सी, दरी, पीने के लिए आरो का शुद्ध पानी आदि की व्यवस्था है। विंढमगंज लैंपस के सचिव दीप नारायण यादव ने बताया कि किसानों का धान खरीदारी की जा रही है। महुली: कस्बे में स्थित सहकारी समिति क्रय केन्द्र पर दस दिनों से धान की खरीद ठप है। इससे क्षेत्र के किसान के किसान धान नहीं बेच पा रहे हैं। सचिव परमेश्वर यादव ने बताया कि पांच नवंबर से धान क्रय का कार्य शुरू हुआ था। नौ किसानों से चार सौ बहत्तर क्विंटल धान क्रय किया गया। गोदाम में धान रखने के लिए अब जगह नहीं है, ऐसे में जब तक धान का उठान नहीं हो जाता तब तक धान क्रय करना मुनासिब नहीं है।
ाबर्ट्सगंज नवीन सब्जी मंडी परिसर में धान क्रय केंद्र पर ट्रैक्टर ट्राली पर लदी धान की बोरी।- फोटो : SONBHADRA