वैनी। हाइब्रिड धान की खरीद क्रय केंद्रों पर नहीं हो रही है। किसान क्रय केंद्रों पर अपना हाइब्रिड धान लेकर जा रहे हैं लेकिन उन्हें निराश होकर लौटना पड़ रहा है। इससे किसानों में असंतोष व्याप्त है। सोमवार को क्षेत्र के किसान अशोक जायसवाल ने हाइब्रिड धान की खरीद न होने और हाट शाखा वैनी के एक कर्मी पर दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया। किसान ने हाट शाखा वैनी पर अपना धान फूंकने का प्रयास किया लेकिन इससे पहले ही पुलिस उसे गिरफ्तार कर थाने ले आई।
किसान अशोक जायसवाल का आरोप है कि हाट शाखा निरीक्षक वैनी ने उनके साथ दुर्व्यवहार भी किया। इसकी जानकारी होने पर रायपुर थाना प्रभारी निरीक्षक हेमंत सिंह मौके पर पहुंच गए। उन्होंने अशोक का ज्ञापन लिया लेकिन कुछ ही देर में पुलिस अशोक को थाने ले गई। इसकी जानकारी होने पर भारी संख्या में किसान हाट शाखा वैनी पर पहुंच गए। वहां किसानों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और हाट शाखा निरीक्षक के साथ ही पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। किसानों ने आरोप लगाया कि धान खरीद में बड़े पैमाने पर मनमानी की जा रही है। पुलिस ने लाठी भांजकर सभी को वहां से खदेड़ दिया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि शांति व्यवस्था को बनाए रखने के लिए अशोक जायसवाल को गिरफ्तार कर उसका शांतिभंग में चालान कर दिया गया। इस संबंध में क्षेत्रीय विपणन अधिकारी अरुण त्रिपाठी ने बताया कि अशोक अपनी मां के नाम पर 63 क्विंटल धान बेच चुके हैं। अपने चाचा के नाम पर 25 क्विंटल धान बेचा है। अब हाइब्रिड धान क्रय केंद्र पर लाकर अनावश्यक रूप से परेशान कर रहे हैं। दुर्व्यवहार का आरोप गलत है।