सोनभद्र। राबर्ट्सगंज के बढ़ौली चौराहा के समीप एक परिवार आठ दिन से फ्लाईओवर के नीचे रह रहा है। आरोप है कि मकान मालिक ने कोरोना महामारी के बीच पहले विद्युत कनेक्शन काट दिया और फिर घर खाली करा लिया। गृहस्थी के सामानों के साथ फ्लाईओवर के नीचे रहने को विवश इस परिवार ने न्याय की गुहार लगाई है। वहीं इस मामले में उपजिलाधिकारी सदर यमुनाधर चौहान ने बताया कि राबर्ट्सगंज कोतवाली प्रभारी को इस मामले में आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
राबर्टसगंज बढ़ौली चौराहा के समीप किराए के एक मकान में चंदा रानी अपने पुत्र बीरू सेठ के साथ रहती थीं। बीरू शादी-विवाह के दौरान डीजे व रोडलाइट का कार्य करता है, लेकिन कोरोना वैश्विक महामारी के मद्देनजर उसका धंधा भी मंदा हो गया है। बारिश में दिन व रात फ्लाईओवर के नीचे ही गृहस्थी का सामान पड़ा हुआ है। तीन ईंट को जोड़कर बनाए गए चूल्हे पर किसी तरह भोजन पका कर मां व पुत्र पेट भर रहे हैं।
बीरू का कहना है कि पांच जुलाई को मकान मालिक ने उनके कमरे का विद्युत कनेक्शन काट दिया। जिसकी वजह से वे गर्मी में उबल गए। जब वह इस बारे में जानकारी करने मकान मालिक के पास पहुंचे तो विवाद किया जाने लगा और फिर कमरे को खाली करा दिया गया। इस संबंध में एसडीएम यमुनाधर चौहान का कहनाहै कि राबर्ट्सगंज कोतवाली प्रभारी को पीड़ित से पूरे मामले की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया है। ताकि पीड़ित की समस्या का समाधान हो सके।