सोनभद्र। जिले में ग्रामीणों की समस्याओं से अवगत होने के लिए ग्राम पंचायतों के प्रधानों से डिजीटल प्लेटफार्म के जरिए बैठक का निर्णय जिला प्रशासन ने लिया है। जिलाधिकारी एस. राजलिंगम ने इसके लिए ब्लॉकवार दिन और समय निर्धारित कर दिया है। डीएम ने बताया कि इस अभियान को सरकार ग्राम के द्वार का नाम दिया गया है। इस अभियान में प्रधान अपनी समस्या डीएम के समक्ष रखेंगे। निर्धारित दिन पर अवकाश होने पर अगले कार्यदिवस पर यह बैठक की जाएगी। डिजीटल बैठक में ग्राम विकास, पंचायती राज, राजस्व, कृषि, स्वास्थ्य व खाद्य पूर्ति विभाग के अधिकारी व तहसील, विकास खंड व ग्राम स्तरीय अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहेंगे।
डीएम ने बताया कि प्रत्येक माह के तृतीय बुधवार को 12 से एक बजे तक चतरा व नगवां के 108 तथा एक से दो बजे तक दुद्धी व बभनी के 98 प्रधान डिजीटल बैठक में हिस्सा लेंगे। प्रत्येक माह के तृतीय वृहस्पतिवार को 12 से एक बजे तक म्योरपुर व कोन के 110, एक से दो बजे तक करमा व चोपन के 101 प्रधान हिस्सा लेंगे। प्रत्येक माह के तृतीय शुक्रवार को दोपहर 12 से एक बजे तक राबर्ट्सगंज ब्लॉक के 113, एक से दो बजे तक घोरावल ब्लॉक के 107 प्रधानों की डिजीटल बैठक होगी। डीएम ने बताया कि जुलाई में सीडीओ के नीयत न्या पंचायत के एक ग्राम में व जिला पंचायत राज अधिकारी द्वारा प्रशिक्षित डिजीटल मास्टर ट्रेनर के जरिए यह अभियान किया जाएगा। इसके बाद प्रत्येक ग्राम पंचायत के प्रधान प्रशिक्षित होकर अपने ग्राम पंचायत से ही इस प्लेटफार्म पर प्रत्येक माह जुड़ेंगे। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को इसके लिए निर्देश जारी किया है।