रायपुर थाना क्षेत्र के वैनी-सरयीगाढ़ मार्ग पर सोमवार की शाम ट्रैक्टर की चपेट में आने से दो किशोरों की मौत के मामले में पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया है। हादसे के बाद बवाल करने वालों को पुलिस चिह्नित कर रही है। उधर, घटना के दूसरे दिन भी सोहदवाल गांव में मातम छाया रहा। परिजन सदमे में हैं।
रायपुर थाना क्षेत्र के सोहदवल गांव निवासी करन (12), अंगद (15), निरंजन (9) और अर्जुन (13) दो साइकिल पर वैनी बाजार से अपने गांव जा रहे थे। गांव के पास ही पीछे से आ रही गिट्टी बालू लदी ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आने से करन पुत्र गोविंद की मौके पर ही मौत हो गई। तीन अन्य गंभीर रुप से घायल हुए। उन्हें वैनी सीएचसी ले जाया गया, जहां हालत गंभीर देख उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। रास्ते में ही निरंजन पुत्र विजय कुमार की भी मौत हो गई। हादसे से नाराज लोगों ने ट्रैक्टर में आग लगा दी। शव को सड़क पर रखकर वैनी-सरयीगाढ़ मार्ग को जाम कर दिया था। इस मामले में मंगलवार को रायपुर थाने में ट्रैक्टर चालक के विरुद्ध के दर्ज किया गया। रायपुर थानाध्यक्ष विश्व ज्योति राय ने बताया कि मृतक किशोरों के पिता की तहरीर पर केस दर्ज हुआ है। बवाल करने वालों की भी पहचान की जा रही है।