रेणुकूट। स्थानीय नगर स्थित एक निजी औद्योगिक प्रतिष्ठान में बुधवार दोपहर ट्रक से ऑक्सीजन का सिलिंडर उतारते समय अचानक एक सिलिंडर में विस्फोट हो गया। इससे सिलिंडर उतार रहे दो श्रमिक घायल हो गए। घायलों में एक की स्थिति को गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे वाराणसी के लिए रेफर कर दिया है।
पिपरी थाना प्रभारी अभय नारायण तिवारी ने बताया कि बुधवार को निजी कंपनी में एक ट्रक से ऑक्सीजन के सिलिंडर उतारे जा रहे थे। इस दौरान एक सिलिंडर अचानक विस्फोट कर गया जिससे ट्रक पर मौजूद संजय राम (35) पुत्र लक्ष्मण प्रसाद निवासी धुरकी गढ़वा झारखंड व लाल बहादुर यादव (57) पुत्र जगदेव निवासी जगदीशपुर, जिला प्रतापगढ़ घायल हो गए। इस संबंध में कंपनी के जनसंपर्क अधिकारी संजय सिंह ने कहा कि दो श्रमिक घायल हो गए हैं। एक श्रमिक की हालत नाजुक देखते हुए उसे तत्काल वाराणसी भेजा गया है। घायल श्रमिकों के इलाज में किसी तरह की कमी नहीं आने दी जाएगी।