आंगनबाड़ी केंद्र बिजरी चुर्क का निरीक्षण करते सीडीओ डा.अमित पाल शर्मा।
- फोटो : SONBHADRA
सोनभद्र। जिले की व्यवस्थाओं को मुकम्मल करने और लाभार्थीपरक योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अमित पाल शर्मा ने बुधवार को एक आंगनबाड़ी केंद्र का दौरा किया। वीएचएनडी दिवस होने के कारण वहां महिलाओं, बच्चों की भी संख्या काफी मिली। ऐसे में उन्होने सभी से पूछताछ किया। केंद्र पर कुछ बच्चों के कुपोषण की जांच न होने व ग्रोथ चार्ट नहीं मिलने पर नाराजगी जताए और जिला कार्यक्रम अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगने के लिए कहा। अन्य व्यवस्थाओं के लिए जिला पंचायत राज अधिकारी और अपर मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए।
निरीक्षण करने गए सीडीओ के साथ रहे जिला विकास अधिकारी राम बाबू त्रिपाठी ने बताया कि सदर ब्लाक के बिजली चुर्क आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया गया। वहां ग्रोथ चार्ट नहीं मिलने व अन्य कमियों के कारण आंगनबाड़ी को नोटिस देकर जवाब मांगा गया। साथ ही विभागाध्यक्ष जिला कार्यक्रम अधिकारी से भी स्पष्टीकरण मांगा जा रहा है। गर्भवती महिलाओं केे जमीन पर लेटाकर उनकी जांच करने का मामला प्रकाश में आने पर वहां की व्यवस्थाओं को देखा गया। चौकी न होने पर डीपीआरओ और एएसीएमओ को कहा गया कि चौकी का इंतजाम ग्राम पंचायत के आकस्मिक निधि से कराया जाए। जहां जांच हो वहां पर्दा लगाने के लिए भी कहा गया। डीडीओ के मुताबकि केंद्रों पर बुधवार को गर्भवती महिलाओं की जांच, बच्चों के वजन आदि की जांच के लिए वीएचएनडी दिवस मनाया जाता है।