सोनभद्र। पूर्व सैनिकों व उनके आश्रितों की समस्याओं के समाधान के लिए बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सैनिक बंधु की बैठक हुई। पूर्व सैनिकों ने भूमि विवाद और बिजली बिल से संबंधित समस्याएं रखीं। साथ ही खनिज वाहनों की जांच के लिए गठित प्रवर्तन दल में बतौर सुरक्षाकर्मी शामिल करने की मांग की।
डीएम बद्रीनाथ सिंह ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उसके समुचित निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया। कहा कि पूर्व सैनिकों व उनके आश्रितों की जो भी समस्याएं रखी गयी है, उसका निराकरण नियमानुसार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों के साथ ही जनपद के वर्तमान में भी जो सैनिक अन्य प्रांतों में तैनात हैं, उनकी समस्याओं से संबंधित पत्रावलियों को संरक्षित करते हुए उनका भी निस्तारण नियमानुसार किया जाय। पूर्व सैनिकों का पंजीकरण सैनिक कल्याण निगम में करें, जिससे किसी विभाग को पूर्व सैनिकों की रोजगार के लिए आवश्यकता हो तो वह सैनिक कल्याण निगम के माध्यम से जानकारी प्राप्त कर सके। जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी आशुतोष चौधरी ने प्रधानमंत्री छात्रवृत्ति योजना वर्ष के आवेदन पत्रों के प्रेषण, पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों को निशुल्क कम्प्यूटर प्रशिक्षण एवं सैनिक कल्याण निगम की ओर से पूर्व सैनिकों को रोजगार के अवसर के बारे में जानकारी दी। बैठक में डीडीओ शेषनाथ चौहान, सीओ सदर संजीव कटियार, एडीआईओ विनय कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।