सोनभद्र। मौसम में बदलाव और तापमान में उतार-चढ़ाव के कारण लोग तेजी से बीमार हो रहे हैं। अस्पताल पहुंचने वाला हर दूसरा मरीज सर्दी, जुकाम, वायरल बुखार से पीड़ित होता है।
स्वास्थ्य विभाग ने स्वास्थ्य केंद्रों को एडवाइजरी जारी की है। वहीं, दीपावली के मद्देनजर लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की है। बच्चों, बुजुर्गों के साथ ही शुगर, रक्तचाप के मरीजों का विशेष ख्याल रखने की सलाह दी जा रही है।
इस महीने की शुरूआत में बारिश के बाद तेजी से मौसम बदला है। वहीं, तापमान में भी उतार-चढ़ाव जारी है। दिन और रात के तापमान में 10 डिग्री सेल्सियस तक अंतर होने के कारण लोग बीमार हो रहे हैं। पीएचसी, हेल्थ वेलनेस सेंटरों के अलावा जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या में खासी बढ़ी है।
महज तीन दिन में यहां 2361 मरीज पहुंचे। सोमवार को 901, मंगलवार को 807 और बुधवार को 653 मरीजों ने इलाज के लिए रजिस्ट्रेशन कराया। पीएचसी और स्वास्थ्य केंद्रों पर भी मरीजों की भीड़ उमड़ी रही।
बताया जा रहा है कि जो मरीज अस्पताल में पहुंच रहे हैं, उसमें हर दूसरा मरीज, सर्दी, जुकाम, खांसी या बुखार से पीड़ित मिल रहा है। वहीं, सामान्य मरीजों में हर 10 में छह से सात मरीज सर्दी-जुकाम, वायरल से पीड़ित पाए जा रहे हैं। इसको देखते हुए लोगों को मौसम में आए बदलाव की चपेट में आने से बचने के लिए जरूरी सलाह दी जा रही है।