अभियंताओं ने सभा कर मांगा हक
उत्तर प्रदेश डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ के बैनर तले बुधवार को इंजीनियरों ने कलेक्ट्रेट में सभा की। मांगों के समर्थन में चेतावनी देते हुए हुंकार भरी।
महासंघ के समस्त घटक के सदस्य कार्य से विरत रहते हुए सुबह करीब 11 बजे कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां आयोजित सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि जूनियर इंजीनियर का ग्रेडपे 4800 करने समेत अन्य मांगों को लेकर पूर्व में अनेकों बार जिम्मेदारों को पत्रक दिया जा चुका है।
लेकिन अभी तक समस्याएं जस की तस हैं। कहा कि 27 फरवरी तक उनकी मांगें पूरी नहीं हुई तो 28 फरवरी को इंजीनियर सूबे के राजधानी में विधान सभा का घेराव करेंगे।
इस मौके पर इं वीएन सिंह, विक्रमा प्रसाद, विक्रम सिंह यादव, अबरार अहमद, राधेश्याम, आरपी सिंह रहे। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष इं. ओपी सिंह और संचालन मुस्ताक अहमद ने की।
ओबरा संवाददाता के अनुसार राज्य विद्युत डिप्लोमा इंजीनियर्स एसोसिएशन उप्र के पदाधिकारियों की बैठक बुधवार को हुई। इसकी अध्यक्षता परियोजना अध्यक्ष संतोष विश्वकर्मा ने की। बैठक में तापीय परियोजना के मुख्य महाप्रबंधक से हुई वार्ता के अनुसार रोटेशन पालिसी को लागू किए जाने के आश्वासन, सिविल लिपिकीय सहित अन्य समस्याओं के निराकरण के लिए संगठन की सक्रियता पर बल दिया गया। साथ ही उत्पादन निगम की पांचों परियोजनाओं में संगठन की कार्यकारिणी गठित होने पर खुशी व्यक्त की गई। बैठक में केंद्रीय अध्यक्ष प्रशांत श्रीवास्तव, सचिव आशीष कुमार गुप्ता, वैष्णव गुप्ता, राजेश सिंह, मनीष सिंह, आरके सिंह, राहुल, अभिषेक, अमरेंद्र आदि मौजूद रहे।