पॉवर कारपोरेशन के चेयरमैन के दुर्व्यवहार एवं उत्पीड़नात्मक कार्यवाहियों के विरोध में अनपरा, ओबरा सहित प्रदेश के सभी ऊर्जा निगमों के तमाम विद्युत अभियंताओं ने शनिवार को अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार किया। सामाजिक दूरी का पालन करते हुए विरोध सभा भी की।
अभियंता संघ ओबरा-पिपरी क्षेत्र के क्षेत्रीय सचिव अंकित प्रकाश, अनपरा-ओबरा-पिपरी क्षेत्र के प्रांतीय सहायक सचिव इं. अदालत वर्मा व उपाध्यक्ष इं. बीएन सिंह ने कहा कि जहां एक ओर विद्युत अभियंता मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा के नेतृत्व में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सफलतापूर्वक करने में जुटे हुए हैं। वहीं पावर कारपोरेशन के चेयरमैन अनावश्यक रूप से अभियंताओं और विद्युत कर्मियों का उत्पीड़न कर रहे हैं। बिजली विभाग में कार्य करने का माहौल बिगाड़ रहे हैं। अभियंताओं ने निर्णय लिया है कि ऑक्सीजन प्लांटों, अस्पतालों और आम नागरिकों की विद्युत आपूर्ति बनाये रखने के अलावा विद्युत अभियंता 29 मई से कोई अन्य कार्य नहीं करेंगे। इसके साथ ही अभियंताओं ने विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुपों से अपने को अलग कर लिया है। ओबरा परियोजना पर पूरे दिन अभियंताओं ने कार्य वहिष्कार किया। अध्यक्षता इं. बीएन सिंह, अधीक्षण अभियंता और संचालन इं. अंकित प्रकाश ने की। इं. सुरेश, इं. राजेश कुमार, इं. डीके उपाध्याय, इं. इंद्रकपूर, इं. अदालत वर्मा, इं. मनोज यादव, इं. जीके सिंह, इं. सुजीत सिंह आदि मौजूद थे।