शक्तिनगर/सिंगरौली। बरगवां क्षेत्र में स्थित हिंडालको महान प्रोजेक्ट के आवासीय परिसर में इंजीनियर की अबूझ हाल में मौत हो गई। अभियंता का शव उसके आवास में मिलने से सनसनी फैल गई।
घटना की जानकारी हिंडालको के अधिकारियों ने बरगवां थाने को दिया। इसके बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाने के साथ विवेचना शुरू कर दिया है। हिंडालको बरगवां की सुरक्षा कंपनी के एएसओ ने बरगवां थाने में तहरीर देकर बताया कि बैचलर हॉस्टल के कमरे नंबर ई. 149 में रह रहे इंजीनियर अर्पित मिश्रा (35) का शव उनके कमरे में मिला है। अंकित मिश्रा कंपनी के पोर्ट रूम में बतौर इंजीनियर पदस्थ थे। बताया जा रहा है कि दूसरी पाली की शिफ्ट खत्म कर देर रात अपने कमरे में पहुंचे थे, इसके बाद से ही वह घर से बाहर नहीं निकले। यह भी बताया जा रहा है कि परिवार के लोगों से संपर्क नहीं होने पर अर्पित मिश्रा के भाई अंकित मिश्रा ने हॉस्टल के सामने संचालित किराना दुकान में बृजेंद्र वैश्य को फोन कर उसे बात करने को कहा, जिसके बाद उसके कमरे पहुंचे अंकित पटेल, अरुण पांडे एवं बृजेंद्र वैश्य ने देखा तो वह बिस्तर पर मृत अवस्था में पड़े थे। इसके बाद बरगवां पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा जांच शुरू कर दिया। कानपुर से सिंगरौली पहुंचे इंजीनियर के परिजनों के समक्ष पोस्टमार्टम हुआ। बरगवां के प्रभारी निरीक्षक नागेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में मृत्यु के कारणों के संबंध में कुछ खास नहीं पता चला। पीएम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति साफ होगी।