दुद्धी। नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड नंबर-2 स्थित बढ़नीनाला की नहर भूमि पर अतिक्रमण को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश है। नगरवासियों ने एडीएम को ज्ञापन सौंपकर नहर को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है।
नगर निवासी राकेश कुमार और संदीप कुमार ने आरोप लगाया कि बढ़नीनाला स्थित तालाब का पानी ओवरफ्लो होकर मुख्य सड़क की पुलिया से होते हुए नहर में जाता है, साथ ही कई अन्य नालियां भी इसी नहर में मिलती हैं।
यह भूमि खतौनी में दुद्धी स्टेट, लैंड रिफॉर्मर्स कमिश्नर के नाम दर्ज है। आरोप है कि इस भूमि पर एक व्यक्ति ने अवैध कब्जा कर निर्माण करा लिया है, इससे नहर का प्रवाह बाधित हो गया है और पानी आसपास की जमीनों में भर रहा है। इससे उनकी जमीन जलमग्न होकर अनुपयोगी हो गई है और आवागमन का रास्ता भी बंद हो गया है।
नगरवासियों ने प्रशासन से नहर की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कर उसके मूल स्वरूप को बहाल करने और रास्ते का निर्माण कराने की मांग की है।
इस संबंध में एसडीएम निखिल यादव ने बताया कि तहसीलदार से जांच कराई जा रही है और रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। संवाद