कलेक्ट्रेट में विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन करते रोजगार सेवक।
- फोटो : sonbhadra
सोनभद्र। उत्तर प्रदेश ग्राम रोजगार सेवक संघ से जुड़े रोजगार सेवकों ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। धरना देकर सेवकों को समायोजित कर राज्य कर्मचारी का दर्जा देने समेत कई अन्य मांग उठाई। प्रदर्शन के बाद डीएम को आठ सूत्री मांगपत्र सौंपा।
रोजगार सेवकों ने नगर पालिका व नगर पंचायतों में सम्मिलित ग्राम पंचायतों के ग्राम रोजगार सेवकों को नव सृजित ग्राम पंचायतों में समायोजित करने, मानदेय छह हजार से बढ़ाकर 15 हजार रुपये प्रतिमाह करने, फर्जी प्रस्ताव के आधार पर हटाए गए सेवकों को बहाल करने की भी मांग की। जिलाध्यक्ष प्रभात सिंह चंदेल ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार कर्मचारियों को सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों को लागू कर वेतन भत्ते में बढ़ोत्तरी कर रही, वहीं संविदा कर्मचारियों के साथ अन्याय किया जा रहा है। उन्होंने समूह ग के कर्मचारियों के समान मानदेय देने की मांग की। दिवाकर तिवारी, सुरेश कुमार ने कहा कि सेवकों के हितों को ध्यान नहीं रखा गया तो वह आंदोलन करेंगे।
सदर ब्लॉक अध्यक्ष शिवकुमार गिरि व ब्लॉक संरक्षक नार सिंह ने कहा कि ग्राम रोजगार सेवक अपने मांगों को लेकर 18 जुलाई को लखनऊ पहुंचकर विधानसभा पर प्रदर्शन करेंगे। इस मौके पर अटल बिहारी, शैलेश कुमार, आदित्य तिवारी, नंदलाल अमर पति राम, वकील, वीरेंद्र प्रताप, अनिल कुमार सिंह, सुनील कुमार, हृदयनारायण मौजूद रहे।