सिंचाई और लोक निर्माण विभाग की विकास कार्य योजना को लेकर शुक्रवार को जिला मुख्यालय पर जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। सर्किट हाउस में आयोजित बैठक में जिले में सड़क निर्माण, मरम्मत, डाकबंगले के सुंदरीकरण, ओवरब्रिज, बाईपास और प्रमुख स्थानों पर हेलीपैड निर्माण जैसे प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई।
जनप्रतिनिधियों ने सर्किट हाउस में कर्मचारियों के ठहरने की बेहतर व्यवस्था, बाउंड्रीवाल, रंगाई-पोताई कराने और शिवद्वार मंदिर क्षेत्र में यात्रियों के लिए ठहराव सुविधा बढ़ाने पर जोर दिया। बैठक में घोरावल में हेलीपैड निर्माण के लिए भूमि चयन, पटवध-बसुवारी मार्ग के सुधार, कुड़ारी मंदिर के पास नदी कटान रोकने के उपाय जैसे प्रस्तावों पर सहमति बनी।
इसके अलावा पीडब्ल्यूडी और सिंचाई विभाग के सभी डाकबंगलों की मरम्मत व सुंदरीकरण पर शीघ्र कार्रवाई का निर्देश दिया गया। रॉबर्ट्सगंज में बाईपास निर्माण की भी चर्चा हुई। जनप्रतिनिधियों ने सहमति जताते हुए इसे आवश्यक बताया। साथ ही प्रस्ताव तैयार कर पुरजोर पैरवी की बात कही। बारिश के मौसम में जिन क्षेत्रों में पानी भराव या कटाव की समस्या होती है, उनके लिए सिंचाई विभाग को योजना तैयार करने को कहा गया। डीएम बद्रीनाथ सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिले के प्रमुख स्थानों में स्थायी हेलीपैड बनाए जाएंगे ताकि वीवीआईपी दौरे के समय अस्थाई व्यवस्था की जरूरत न पड़े।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के सभी सुझावों को शामिल कर कार्ययोजना को जल्द रूप दिया जाएगा। बैठक में एमएलसी श्याम नारायण सिंह उर्फ विनीत सिंह, घोरावल विधायक डॉ. अनिल कुमार मौर्या, जिला पंचायत अध्यक्ष राधिका पटेल, सदर विधायक के प्रतिनिधि आदि मौजूद रहे।