नौडीहा बीपैक्स में गबन की विशिष्ट ऑडिट जांच करते एडीसीओ अवधेश सिंह, श्रोत स्वयं
सोनभद्र। सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता देवेंद्र कुमार सिंह के निर्देश पर एडीसीओ सदर अवधेश सिंह ने वैनी शाखा में नौडीहा बीपैक्स में हुए कथित गबन के संबंध में विशिष्ट ऑडिट के तहत समिति के अभिलेखों की जांच की।
जांच के दौरान खामियों पर कड़ी नाराजगी जताते हुए शीघ्र सत्यापन के निर्देश दिए गए।
शाखा प्रबंधक ने अवगत कराया कि चेरूई एवं ससनई बीपैक्स के सचिवों की तरफ से सदस्यता महाअभियान की धनराशि अब तक शाखा में जमा नहीं की गई है। इस पर एडीसीओ सदर ने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित सचिवों को निर्देश दिया कि वे दो दिन के भीतर धनराशि जमा करें।
उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समय में धनराशि जमा न करने पर वसूली की कार्रवाई दंडात्मक ब्याज के साथ की जाएगी तथा संबंधित सचिवों का वेतन भी अवरुद्ध किया जा सकता है। इसके अलावा चेरूई बीपैक्स के सचिव को निर्देशित किया गया कि वे सत्यापन अधिकारी से संपर्क कर 31 मार्च तक के स्टॉक का सत्यापन तत्काल सुनिश्चित कराएं।
बैठक में एडीओ नगवां श्रीचंद, शाखा प्रबंधक हुकुम सिंह, सचिव अंतिमा भारती, उदय शंकर, विजय शंकर, आशुतोष, वकालत हुसैन, संदीप सिंह आदि उपस्थित रहे।