शक्तिनगर। ग्रामीण व कस्बाई क्षेत्र की बिजली आपूर्ति करीब आठ घंटे ठप होने से उमसभरी गर्मी में लोग परेशान रहे। बृहस्पतिवार सुबह सवा पांच बजे के करीब 33 केवीए मेन लाइन का तार टूटने से यह स्थिति आई। कर्मियों के अथक प्रयास से दोपहर एक बजे आपूर्ति बहाल हुई, तब लोगों को राहत मिली।
कोटा सब स्टेशन से इलाके के ग्रामीण व कस्बाई क्षेत्रों को आपूर्ति की जाती है। लोगों के अनुसार, क्षेत्र के कोटा में 33 केवीए हाईटेंशन लाइन का तार टूट गया। इसके चलते से क्षेत्र भर की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इससे उमस भरी गर्मी में लोग हलकान रहे। सब स्टेशन से बीना, जमशिला, चंदुआर, घरसड़ी, कोहरौल, कोहरौलिया, मिसरा, भैरवां, परसवार राजा, खड़िया बाजार व गांव, तारापुर, कोटा, चिल्काडांड व बस स्टैंड बाजार, चिल्काडांड गांव, अंबेडकर नगर सहित अन्य क्षेत्रों को आपूर्ति की जाती है। लोगों का कहना है कि हाल के दिनों में फाॅल्ट व अघोषित कटौती उपभोक्ताओं के लिए मुसीबत बन गई है। इसी दौरान हाईटेंशन लाइन का तार टूटने से समस्या और बढ़ गई। क्षेत्रीय लोगों में इससे बिजली निगम के प्रति नाराजगी है।