सोनभद्र। कड़ाके की ठंड के बीच सूबे में बिजली की खपत में भी इजाफा हुआ है। बुधवार को बिजली की मांग 22 हजार मेगावाट को पार कर गई। निगम की कई इकाइयों के बंद हाेने से मांग पूरा करने के लिए सेंट्रल पूल से महंगी बिजली खरीदनी पड़ रही है।
यूपीएसएलडीसी के मुताबिक सूबे में बिजली की अधिकतम मांग 22026 मेगावाट रही, जबकि न्यूनतम मांग 11873 मेगावाट दर्ज की गई। इसके सापेक्ष निगम की इकाइयों से महज 3584 मेगावाट का उत्पादन होता रहा। वहीं यूपी में संचालित निजी क्षेत्र की इकाइयों से 7141 मेगावाट बिजली का उत्पादन हुआ। जल विद्युत इकाइयों से 416 मेगावाट का उत्पादन किया गया। शेष मांग की पूर्ति सेंट्रल पूल से हुई। बता दें कि निगम को सबसे सस्ती बिजली देने वाली अनपरा परियोजना की 1500 मेगावाट क्षमता की तीन इकाइयां बंद चल रही हैं। इससे निगम पर बिजली खरीद का अतिरिक्त बोझ बढ़ा है।