सोनभद्र। राॅबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के मेन मार्केट में शनिवार की रात चोरों ने कई घरों-प्रतिष्ठानों में खींचे गए केबल काट लिए। सुबह देर तक बिजली नहीं आई तब जाकर लोगों को इसकी जानकारी हुई। प्रकरण में एक सीसी टीवी फुटेज भी सामने आया है जिसमें एक युवक हाफ जैकेट में रेकी करता दिख रहा है। दावा किया जा रहा है कि दो चोरों ने रात ढाई से तीन बजे के बीच चोरी को अंजाम दिया गया।
रविवार की सुबह गिरीश प्रताप सिंह, डाॅ. एसएन सिंह और बबलू अपने-अपने प्रतिष्ठान पर पहुंचे तो पता चला कि बिजली गायब है। आसपास पता करने पर मालूम हुआ कि बिजली आपूर्ति चालू है। पोल पर देखा तो मालूम हुआ कि खींचे गए केबल काट लिए गए हैं। तत्काल 112 नंबर डायल कर पुलिस को जानकारी दी गई। चौकी इंचार्ज अमित सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। आसपास के सीसी टीवी फुटेज भी खंगाले गए। गिरीश प्रताप सिंह ने बताया कि उन्होंने अपने मशीन के लिए महंगा केबल लगा रखा था, जिसकी मौजूदा लागत लगभग 10 हजार है। उनके यहां दूसरी बार केबिल चोरी की घटना हुई। पास में क्लिनिक का संचालन करने वाले डाॅ. एसएन सिंह ने तीसरी बार, किराये पर कमरा लेकर चाय की दुकान का संचालन करने वाले बबलू ने सातवीं बार केबल चोरी होने की बात बताई। इसी तरह कई और घरों से केबल उड़ाए जाने की बात सामने आई है।