चंडीगढ़ में मिस बोल्ड एंड ब्यूटीफल का खिताब जीती सुल्लवी कुमारी। स्रोत स्वयं
शक्तिनगर। चंडीगढ़ स्थित हॉलीडे इन होटल में आयोजित मावेन मिस प्लस साइज इंडिया 2025 (सीजन-8) प्रतियोगिता में सोनभद्र की बेटी सुल्लवी कुमारी ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया। उन्होंने पूर्वी उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए प्रतियोगिता के टॉप-15 फाइनलिस्ट में स्थान बनाया। साथ ही मिस बोल्ड एंड ब्यूटीफुल का खिताब भी अपने नाम किया।
शक्तिनगर क्षेत्र के कोहरौलिया गांव की रहने वाली सुल्लवी कुमारी ने बताया कि इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से लगभग 60 प्रतिभागियों ने भाग लिया था। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच उन्होंने अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास से विशेष पहचान बनाई।
उन्होंने बताया कि यह प्रतियोगिता प्लस साइज और कर्वी महिलाओं को आत्मविश्वास प्रदान करने, अपने शरीर को अपनाने और स्वयं से प्रेम करना सिखाने के उद्देश्य से आयोजित की जाती है, ताकि वे समाज के लिए प्रेरणा बन सकें। सुल्लवी की इस उपलब्धि पर जिले में खुशी का माहौल है। परिजनों, मित्रों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।