विद्युत संयुक्त संघर्ष समिति के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को तीन सूत्री मांग को लेकर अध्यक्ष आरपी त्रिपाठी के नेतृत्व में झरिया नाला स्थित परियोजना गेट पर धरना दिया और प्रदर्शन किया। इस दौरान मुख्य महाप्रबंधक को ज्ञापन भी सौंपा गया। प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी भी की गई।
धरना के दौरान वक्ताओं ने कहा कि स्थानीय परियोजना कालोनी में लगातार कई-कई घंटे बिजली की अघोषित कटौती की जा रही है। इससे लोगों की नींद खराब हो रही है और आवश्यक काम प्रभावित हो रहा है।
इतना ही नहीं परियोजना कालोनियों में गंदे पानी की आपूर्ति की जा रही है। परियोजना अस्पताल में दवाओं की भारी कमी होने के नाते बिजली कामगारों में नाराजगी है।
संगठनों द्वारा बार-बार ध्यान दिलाने के बावजूद व्यवस्था में सुधार नहीं होने से बिजली कामगार आंदोलन करने के लिए मजबूर हो गए हैं।
वक्ताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो 29 सितंबर को शाम को झरिया नाला गेट से बाजार होते हुए नगर में जुलूस निकाला जाएगा और पांच अक्तूबर को करीब चार घंटे तक नियमानुसार कार्य किया जाएगा।
इस मौके पर अजय कुमार सिंह, राधा मोहन प्रजापति, सुनील पवार, नंदू जायसवाल, आरके शुक्ला, सत्य प्रकाश सिंह, बीडी विश्वकर्मा, दिनेश यादव, गुरूचरन शर्मा, सतीश कुमार मौजूद रहे। सभा का संचालन सुनील पवार ने किया।