दुद्धी को जिला बनाओ संघर्ष समिति के तत्वावधान में गुरुवार को टाउन क्लब मैदान में महासम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने हिस्सा लिया।
भारतीय प्रगतिशील महिला एसोसिएशन की अध्यक्ष ममता मौर्या की अगुवाई में काफी संख्या में महिलाओं ने नगर में जुलूस निकालकर दुद्घी को जिला बनाने की मांग को मजबूती दी।
सर्वदलीय आंदोलन को लेकर हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि जिला बनाने की मांग लंबे समय से चली आ रही है। क्षेत्रीय लोगों के आंदोलन को सरकार अनसुना कर रही है।
शासन इस मांग को लेकर गंभीर नहीं है। लोगों ने कहा कि जिला न बनने के चलते क्षेत्र का विकास नहीं हो पा रहा है और योजनाएं सही ढंग से संचालित नहीं हो पा रही हैं।
लोगों को जिला मुख्यालय जाने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है। दुद्घी को जिला बना दिया जाए तो लोगों को इससे निजात मिल जाएगी। दुद्घी नया जिला बनने का हर मानक पूरा करता है लेकिन सरकार इसको लेकर गंभीर नहीं है।
उधर जिला बनाने की मांग को लेकर अधिवक्ता संघ भी न्यायालयीय कार्य बहिष्कार कर आंदोलन में साथ रहा। आंदोलन में प्रगतिशील महिला संघ, आदिवासी संघ, आशा, रसोइया, व्यापार मंडल के अलावा कई अन्य संघों का सहयोग रहा। इसके पूर्व मोटरसाइकल जुलूस भी निकाला गया।
सभा को हरिराम चेरो, प्रभु सिंह, दिनेश अग्रहरि, सत्यनारायण यादव, ममता मौर्या, इंद्रदेव, अक्षयवरनाथ, इंदू गिरि, प्रियंका, सोना बच्चा, फौजदार सिंह, मनोज मिश्रा, अनिल कुशवाहा, ओम प्रकाश यादव, पारसनाथ गुप्त, राकेश गुप्त ने संबोधित किया।
विण्ढमगंज प्रतिनिधि के अनुसार दुद्धी को जिला बनाने की मांग को लेकर चलाए जा रहे आंदोलन के समर्थन में गुरुवार को समर्थकों ने कस्बा से बाइक जुलूस निकाला।
लोगों ने मांगों के समर्थन में नारेबाजी की और बाइक से दुद्धी टाउन क्लब मैदान पहुंचे, जहां महासम्मेलन का आयोजन किया गया था।