युवक पर टूटकर गिरा तार, करंट लगने से मौत
करमा थाना क्षेत्र के खैरपुर गांव में हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
करमा/केकराही। करमा थाना क्षेत्र के खैरपुर गांव की नई बस्ती में शुक्रवार की रात बिजली का तार टूट कर रमाशंकर चौहान (27) के ऊपर गिर गया जिससे करंट लगने से युवक की मौत हो गई।
खैरपुर नई बस्ती निवासी रमाशंकर चौहान शुक्रवार की रात भोजन कर कमरे में रखे एल्युमिनियम के बेड पर सो गए। अचानक उसके ऊपर बिजली का तार ( केबल ) टूटकर उनके ऊपर गिर पड़ा। रमाशंकर गिरे तार को जोड़ने लगा। तभी वह करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। शनिवार की सुबह रमाशंकर नहीं उठे तो उनकी मां सुघरी देवी करीब साढ़े सात बजे उठाने के लिए पहुंची। सुघरी देवी ने बेटे को जगाना शुरू किया तो झटका लगने लगा। किसी तरह से वह भागकर अपनी जान बचाई। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि करंट लगने से रमाशंकर की मौत हुई होगी। रमाशंकर की पत्नी रिंकी देवी कुछ दिन पहले मायके खजूरी गांव गई थी। पति की मौत खबर पाकर वह मौके पर पहुंची तो अचेत होकर गिर पड़ी। प्रधान पति रविंद्र बहादुर सिंह की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कराने के बाद पीएम के लिए ले गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।