घोरावल। कोतवाली क्षेत्र के पड़वनिया गांव में सर्पदंश से एक अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक के शव को स्थानीय पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
पड़वनिया निवासी सीताराम (60) पुत्र मनधारी को शनिवार सुबह 9.30 बजे उसके परिजन घोरावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। मृतक के पुत्र जगनारायण ने बताया कि शुक्रवार की रात करीब दस बजे सीताराम घर में खाना खाए। उस वक्त लाइट न होने से सीताराम टॉर्च जलाकर घर के एक कमरे में पहुंचे। कमरे में पहुंचकर टॉर्च को कुर्सी पर रखा। इसी दौरान कुर्सी पर सर्प बैठा था, डस लिया। इससे वह अचेत हो गए। परिजन रात में ही झाड़ फूंक कराने चले गए, जिससे कुछ आराम था। शनिवार सुबह सीताराम की हालत गंभीर होने लगी। सीताराम को लेकर परिजन घोरावल सीएचसी पहुंचे। जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। डॉ.अंकित सिंह ने बताया कि जब सीताराम को उसके परिजन सीएचसी लाए, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।