ओबरा। ओबरा थाना क्षेत्र के बग्घानाला के पास रविवार को घेराबंदी कर पुलिस ने बाइक सवार एक हेरोइन तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। तस्कर के पास से ढाई सौ ग्राम हेरोइन मिली, जिसकी कीमत करीब 25 लाख रुपये बतायी गई। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर चालान करते हुए उसकी बाइक सीज कर दी गई।
पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबारियों को पकड़ने के लिए सभी सीओ के नेतृत्व में टीमें गठित की है। रविवार को ओबरा सीओ भाष्कर वर्मा की अगुवाई टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी। मुखबिर की सूचना पर बग्घानाला के समीप से ओबरा थाना प्रभारी अभय कुमार सिंह, स्वाट टीम प्रभारी अमित तिवारी, एसओजी प्रभारी श्याम बहादुर यादव, सर्विलांस टीम प्रभारी सरोजमा सिंह ने बाइक सवार एक हेरोइन तस्कर को धर दबोचा। सीओ ने बताया कि पकड़े गए पन्नूगंज थाना क्षेत्र के परसौटी गांव निवासी मुकेश सिंह कुशवाहा के कब्जे से ढाई सौ ग्राम हेरोइन मिली है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में हेरोइन की कीमत करीब 25 लाख रुपये है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करते हुए चालान कर दिया गया। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान मुकेश ने अवैध मादक पदार्थ के कारोबार में लिप्त कुछ लोगों के बारे में जानकारी दी है। उसी आधार पर पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।