सोनभद्र। जम्मू कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले के विरोध में राष्ट्रीय उद्योग व्यापार, जवान किसान मंच एवं राष्ट्रीय सोनार समाज एसोसिएशन ने बुधवार को प्रदर्शन किया। रॉबर्ट्सगंज कचहरी परिसर में पाकिस्तान और आतंकवादी संगठनों का पुतला फूंककर नारेबाजी की।
इस दौरान केंद्र सरकार से पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब देने और आतंकियों का देश से पूरी तरह सफाया करने की मांग की गई। प्रदर्शन का नेतृत्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार सोनी ने किया। उन्होंने कहा कि इस हमले के पीछे पाकिस्तान का हाथ है। अब समय आ गया है कि केंद्र सरकार आतंकवादियों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करे। उन्होंने देश की सीमाओं पर अभेद्य दीवार बनाने की पुरानी मांग को दोहराते हुए कहा कि इससे घुसपैठ और आतंकी गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगेगी। इस मौके पर पूर्वांचल राज्य मोर्चा के राष्ट्रीय महासचिव पवन कुमार एडवोकेट ने कहा कि यह मानवता पर हमला है और इसमें मारे गए सभी लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। महासचिव शशि भूषण सिंगला समेत अन्य वक्ताओं ने भी घटना की निंदा करते हुए केंद्र सरकार से आतंकवाद के खात्मे के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। प्रदर्शन में राजेश, विमलेश सिंह, संदीप, अतुल आदि शामिल रहे।
आतंकियों को मुंहतोड़ जवाब दे सरकार
सोनभद्र। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ कार्यालय में जिलाध्यक्ष योगेश कुमार पांडेय के नेतृत्व में जिला पदाधिकारियों ने शोकसभा की। इसमें दो मिनट का मौन रख कर पहलगाम हमले में जान गंवाने वालों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
जिलाध्यक्ष योगेश कुमार पांडेय ने कहा कि यह आतंकियों की कायरता पूर्ण हरकत है, जिसके लिए आतंकियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए। शिक्षक समाज इस घटना की घोर निंदा एवं भर्त्सना करता है। सरकार से यह मांग करता है कि आतंकियों को कठोर सजा दी जाए। अब आतंक को मुंहतोड़ जवाब देने का वक्त आ गया है। आतंकवाद दुनिया के लिए बहुत बड़ा खतरा है। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी रामनिवास शर्मा, हुकुम चंद्र, राजेश जायसवाल, पंकज पांडेय, अभिषेक कुमार आदि उपस्थित रहे। संवाद