विंढमगंज। क्षेत्र में तीन दिनों से बेतहाशा बिजली कटौती के विरोध में शुक्रवार को दिन में धरना-प्रदर्शन के बाद देर रात उपभोक्ता सड़क पर उतर गए। रांची-रीवा मार्ग पर प्रदर्शन करते हुए बिजली निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी ने बिजली निगम के अधिकारियों से वार्ता पर आपूर्ति बहाल कराई, तब जाकर लोग शांत हुए।
विंढमगंज क्षेत्र में लगातार तीन दिनों से रात में अघोषित बिजली कटौती हो रही थी। नाराज लोगों ने शुक्रवार को दिन में सुभाष तिराहे पर व्यापार मंडल अध्यक्ष राकेश कुमार केसरी की अगुवाई में जोरदार प्रदर्शन कर गांधी पार्क में धरना दिया था। बावजूद पूरे दिन बिजली नहीं आने पर ग्रामीणों का गुस्सा देर रात फिर फूट गया। रात नौ बजे ओमप्रकाश यादव, विजय पासवान, लवकुश चंद्रवंशी के नेतृत्व में ग्रामीण रांची-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर उतरकर प्रदर्शन करने लगे। जुलूस की शक्ल में नारेबाजी करते हुए थाने के गेट पर पहुंचे। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रमोद यादव ने ग्रामीणों को शांत कर समस्या सुनी। फोन पर उच्चाधिकारियों को समस्या से अवगत कराया। बिजली निगम के अधिकारियों ने 10 मिनट में बिजली आपूर्ति बहाल कराई, इसके बाद लोग वापस लौटे। इस दौरान मन्नू केशरी, रवींद्र जायसवाल, उदय जायसवाल, अभय उपाध्याय, दिनेश कुमार, प्रमोद कुमार, सुरेंद्र कुमार, अमरेश केशरी आदि मौजूद रहे।