सदर कोतवाली क्षेत्र के कैथी गांव के पास बुधवार की शाम अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर नाला में पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर मालिक/चालक विभूति नारायण सिंह (45) की मौत हो गई। इसकी जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। उधर घटना की जानकारी होने पर पुलिस शव का पोस्टमार्टम कराने की कार्यवाही में जुट गई।
पुलिस के मुताबिक, बुधवार की शाम करीब सात बजे कैथी गांव के समीप सड़क के किनारे नाले में अनियंत्रित होकर एक ट्रैक्टर पलट गया। ट्रैक्टर के नीचे दबे कुसी गांव निवासी किसान व ट्रैक्टर मालिक/चालक विभूति नारायण सिंह की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण पहुंच कर उनकी मदद करने में जुट गए। कुछ देर बाद उनके घरवाले भी पहुंच गए। ग्रामीणों की मदद से घायल के घरवालों ने कड़ी मशक्कत कर बाहर निकाला और आनन-फानन में जिला अस्पताल ले गए। यहां डॉक्टर ने घायल को देखते ही मृत घोषित कर दिया। मृतक को दो बच्चे हैं।