सोनभद्र। जिले की सबसे पुरानी निकाय घोरावल नगर पंचायत के लोगों को अब पेयजल संकट से नहीं जूझना पड़ेगा। घोरावल में अमृत योजना 2.0 से 1328 घरों में पानी का कनेक्शन दिया जाएगा। करीब 17.52 करोड़ से हर घर पेयजल आपूर्ति व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। शासन से धन मिलने के बाद कार्यदाई संस्था जल निगम नगरीय की ओर से टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
वर्ष 2011 जनगणना के अनुसार घोरावल नगर पंचायत की कुल आबादी करीब छह हजार थी। इस समय नगर की आबादी बढ़कर 10 हजार के पार हो गई है। आंकड़ों पर गौर करें तो नगर क्षेत्र में कुल करीब 2336 आवास है। अभी करीब 1008 घरों में ही पाइप लाइन के जरिए पानी की सप्लाई होती है। 328 घरों में पानी का कनेक्शन नहीं हुआ है।
नगर में पानी सप्लाई के लिए पहले से दो ओवरहेड टंकी का निर्माण हुआ है। इसी के जरिए पानी सप्लाई होती है। अब नगर की बढ़ी आबादी के साथ ही वंचितों के घर पाइप लाइन के जरिए पानी सप्लाई किए जाने का प्लान तैयार किया गया है। अमृत योजना 2.0 के तहत घोरावल नगर में पुनगर्ठन पेयजल योजना का काम होगा। इस पर करीब 17.52 करोड़ रुपये खर्च होगा। काम शुरू करने के लिए शासन स्तर से सवा तीन करोड़ रुपये आवंटित कर दिए गए हैं। शासन से धन मिलने के बाद कार्यदायी संस्था जल निगम नगरीय मिर्जापुर की तरफ से टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। टेंडर की प्रक्रिया पूरी होते ही नगर क्षेत्र में काम शुरू हो जाएगा।
आठ नए बोर व दो सीडब्ल्यूआर का होगा निर्माण
नगर पंचायत घोरावल में अमृत योजना 2.0 के तहत कुल 1328 घरों में पानी का कनेक्शन किया जाना है। इसके लिए नगर में दो क्लीयर वॉटर टंकी (सीडब्ल्यूआर) का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही आठ नए स्थानों पर बोर कराया जाएगा। दो पुराने ओवहेड टंकी से कनेक्शन करते हुए नगर में पानी सप्लाई की जाएगी
अमृत योजना 2.0 से घोरावल नगर पंचायत में 17.52 करोड़ से पेयजल आपूर्ति व्यवस्था किया जाना है। योजना के तहत नगर के करीब 1328 घरों में पानी कनेक्शन किया जाएगा। दो सीडब्ल्यूआर का निर्माण व आठ नए बोर कराया जाएगा। इसके लिए टेंडर कराया जा रहा है। - संजय कुमार, एक्सईएन-जल निगम नगरीय मिर्जापुर।