सोनभद्र। पाइप लाइन बिछाने के लिए खोदे गए सर्विस लेन की मरम्मत अब तक पूरी नहीं हो पाई है। बरसात के मौसम में बार-बार सड़क बनाने वाले जल निगम के अधिकारी मौसम साफ होने पर सुस्त पड़ गए हैं।
बढ़ौली चौराहे से धर्मशाला चौक की तरफ सड़क को मरम्मत की दरकार है। शनिवार को डीएम बद्रीनाथ सिंह ने मार्ग का निरीक्षण किया और जलनिगम के अधिकारियाें को कार्य शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया।
डीएम ने कहा कि सड़क की मरम्मत का कार्य निर्धारित मानक के अनुरूप गुणवत्ता पूर्ण तरीके से सुनिश्चित कराएं। सड़क के किनारे पतली पट्टी के गड्ढों को भर दिया जाए।
मरम्मत के दौरान इस बात का विशेष ध्यान रखें कि वर्षा का जल सड़क पर न रुकने पाए। पानी रुकने से ही सड़क की गुणवत्ता जल्द ही खराब हो जाती है।
डीएम ने फ्लाईओवर के खाली स्थान पर दोनों तरफ बैरिकेटिंग करते हुए सुंदरीकरण का प्रस्ताव बनाने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान एडीएम (नमामि गंगे) रोहित यादव, एक्सईएन जल निगम महेंद्र सिंह, एडीआईओ विनय कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।