बभनी/डाला। जिले में तीन दिनों से मृत कौवे मिलने का सिलसिला थम भी नहीं रहा था कि इस बीच कबूतर भी मृत मिलने से पशु चिकित्सा विभाग में हड़कंप मच गया है। विभाग की टीम ने डाला के गुरमुरा में कबूतर और बीजपुर में मृत अवस्था में मिले कौवे को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। उधर कौवे के नमूने की जांच रिपोर्ट भोपाल स्थित प्रयोगशाला से रविवार को भी नहीं आ पाई। विभाग के अधिकारियों ने सोमवार तक रिपोर्ट आने की उम्मीद जताई है।
उधर मृत मिले दो कबूतरों में से एक को कुत्तों ने शिकार बना लिया। जानकारी मिलने पर पहुंची पशु चिकित्सा विभाग की टीम ने एक कबूतर को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पशु चिकित्साधिकारी सत्य प्रकाश ने कहा कि अभी तक जिन कौवों की मौत हुई है, उनमें बर्ड फ्लू के लक्षण नहीं मिले हैं। बाकी जब तक भोपाल के लैब की रिपोर्ट नहीं आ जाती है, तब तक कुछ भी स्पष्ट नहीं कहा जा सकता है। जो कबूतर मृत मिले हैं, उनमें भी बर्ड फ्लू के कोई लक्षण नहीं मिले हैं। उधर, रविवार को बीजपुर मुख्य बाजार में सुबह एक कौवे की मौत ने लोगों में हड़कंप मचा दिया। कई कौवे उड़ते हुए जा रहे थे, इसी दौरान अचानक एक नीचे गिर गया और कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। बाजार निवासी विक्रम ने बताया कि कौवा उड़ते हुए जा रहा था कि अचानक घर के पास गिर गया और कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. हेमंत कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। इसके पहले चोपन, सलखन, डिबुलगंज में भी कौवों की मौत हो चुकी है। इनमें से दो कौवों के नमूने जांच के लिए भोपाल स्थित प्रयोगशाला में भेजे गए हैं।