कांग्रेस की मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवार शीला दीक्षित ने गुरुवार को कहा कि अब उत्तर प्रदेश में जातिवाद, परिवार और संप्रदायवाद नहीं चलेगा। 27 सालों में गैर कांग्रेसी सरकारों ने यूपी को बर्बाद किया है। इस नाते यूपी विकास में पिछड़ गया है। पिछड़ेपन को दूर करने के लिए जनता कांग्रेस की सरकार बनाए। पूर्व मुख्यमंत्री घोरावल बाजार में कांग्रेसजनों को संबोधित कर रही थीं।
दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित मिर्जापुर-सोनभद्र के बार्डर बकहर नदी के समीप धुरकर गांव में शाम करीब सात बजे पहुंचीं। यहां दोपहर 12 बजे से ही उनका इंतजार कर रहे कार्यकर्ताओं ने उनका माल्यार्पण कर स्वागत किया। यहां से 27 साल यूपी बेहाल संदेश यात्रा घोरावल तिराहे पर स्थित शहीद स्थल पर पहुंची। यहां पूर्व केंद्रीय मंत्री डा. संजय सिंह ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद संदेश बस यात्रा सभा स्थल पर पहुंची।
डॉ. संजय सिंह ने कांग्रेस के पक्ष में वोट देकर सरकार बनाने की अपील की। शीला दीक्षित बस से नहीं उतरीं तो कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी शुरू कर दी। तब उन्होंने बस से ही लोगों को संबोधित किया। कहा कि कांग्रेस का शासन लाइए। अब यूपी में परिवारवाद नहीं चलेगा। 27 साल में दूसरे दलों ने प्रदेश को बेहाल कर दिया। कहा कि सपा, बसपा और भाजपा ने जातिवाद, परिवारवाद और संप्रदायवाद की राजनीति कर प्रदेश की जनता को गुमराह किया है। जनता ने 2017 में कांग्रेस की सरकार बनाई तो प्रदेश का विकास होगा। इस मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजय सिंह, श्री प्रकाश जायसवाल, राजेश पति त्रिपाठी, भगवती चौधरी, रामयज्ञ द्विवेदी, जिलाध्यक्ष अरुण सिंह, राजेश द्विवेदी आदि मौजूद रहे।