विंढमगंज। पलामू प्रमंडल के आयुक्त जटाशंकर चौधरी और डीआईजी राजकुमार लकड़ा सोमवार को झारखंड-उत्तर प्रदेश की सीमा पर (विंढमगंज) विलासपुर पहुंचकर स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह का जायजा लिया। दोनों अधिकारियों ने मौके पर उपस्थित दंडाधिकारी गोविंद सिंह, थाना प्रभारी लाल बिहारी प्रसाद समेत अन्य पुलिस कर्मियों को निर्देश दिया कि मरीजों को लेकर जाने वाले वाहनों के चालकों के पास अगर पा न हो तो भी उन्हें न रोकें।
सरकार के निर्देश पर कोरोना वायरस के संक्रमण के प्रसार को रोकने के उद्देश्य से झारखंड-उत्तर प्रदेश की सीमा पर विलासपुर में अनुमंडल पदाधिकारी जयवर्धन कुमार ने अस्थाई चेक पोस्ट का निर्माण कराया है। यहां कोरोना गाइड लाइन का अनुपालन कराने के लिए दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति पुलिस बल के साथ 27 मई की सुबह 6 बजे तक की गई है। आयुक्त जटाशंकर चौधरी व डीआईजी आरके लकड़ा ने दंडाधिकारी गोविंद सिंह व पुलिस पदाधिकारी जितेंद्र भगत से वाहनों के आवागमन व मास्क चेकिंग के बारे में विस्तृत जानकारी ली। कहा कि कोविड-19 को लेकर सरकार के दिशा-निर्देशों का पालन कराना आवश्यक है। देश के विभिन्न राज्यों से उत्तर प्रदेश के रास्ते झारखंड में प्रवेश करने वाले वाहनों का ई-पास जरूरी है। आवश्यक सेवा में लगे वाहनों का ई-पास जरूरी नहीं है। बेवजह किसी व्यक्ति को परेशान नहीं करें। यह व्यवस्था सुधार के लिए बनायी गई है ना कि बेवजह किसी को परेशान करने के लिए। मरीज को लेकर जा रहे वाहन के पास यदि ई-पास नहीं है तो भी उसेेे जाने दें। मानवीय दृष्टिकोण अपनाकर कार्य करें। मास्क नहीं पहनने वालों से जुर्माना वसूलें। मास्क पहनकर व शारीरिक दूरी का पालन करते हुए ही जांच का कार्य करें। आयुक्त ने कहा कि कोरोना संक्रमण के प्रसार को रोकने केेे लिए सरकार के दिशा-निर्देशों का पालन कराना हम सबकी जिम्मेदारी है। मौके पर थाना प्रभारी लाल बिहारी प्रसाद, दंडाधिकारी गोविंद सिंह, पुलिस सब इंस्पेक्टर जितेंद्र भगत उपस्थित थे।