सोनभद्र। डीएम चंद्र विजय सिंह ने शुक्रवार को घोरावल ब्लाक के जुड़ौली में बन रहे मुख्यमंत्री क्लस्टर आवास का निरीक्षण किया। उन्होंने क्लस्टर आवास तक सड़क निर्माण शुरू न होने पर नाराजगी जताई और जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी को तत्काल काम शुरू कराने का निर्देश दिया। साथ ही निर्माण कार्य की गुणवत्ता और प्रगति की साप्ताहिक समीक्षा करने का निर्देश दिया।
डीएम ने परियोजना निदेशक डीआरडीए आरएस मौर्य व डीसी मनरेगा रमेश यादव को निर्देश दिया कि मुख्यमंत्री क्लस्टर आवास योजना के तहत निर्माण कार्य जल्द पूरा कराएं। यह तथ्य सामने आया कि आवास तक आवागमन के लिए सड़क का काम अभी शुरू नहीं हुआ। इस पर डीएम ने अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत को निर्देश दिया कहा कि एस्टीमेट बनाकर तत्काल सड़क निर्माण की प्रक्रिया शुरू करें। वहीं, सीडीओ सौरभ गंगवार को मुख्यमंत्री क्लस्टर आवास के निर्माण कार्य की प्रगति की साप्ताहिक समीक्षा करने का निर्देश दिया।