सोनभद्र। सदर कोतवाली के जैत गांव में शुक्रवार को तालाब में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गई। नहाते समय दोनों नदी में डूब गए। घंटों मशक्कत के बाद उनका शव बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है।
कोतवाली क्षेत्र के जैत गांव निवासी कुलवंत यादव का पुत्र प्रियांशु उर्फ अंशु (10) और गांव के ही दिलीप बियार का पुत्र सत्यप्रकाश (8) घर के बाहर खेल रहे थे। अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे दोनों घर से कुछ दूरी पर स्थित तालाब में नहाने चले गए। काफी देर तक जब उनका कहीं पता नहीं चला तो परिजन उन्हें ढूंढने लगे। ग्रामीणों ने दोनों को तालाब के किनारे देखे जाने की जानकारी दी। परिजन जब तालाब के पास पहुंचे तो किनारे पर उनका कपड़ा देख सन्न रह गए। तालाब में उतरकर दोनों की तलाश शुरू की गई। सूचना पाकर क्राइम इंस्पेक्टर कृष्णानंद राय और हलका इंचार्ज अफरोज भी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने दोनों बालकों का शव तालाब से निकलवाया। आनन-फानन उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मौत की पुष्टि की। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सदर कोतवाल मनोज सिंह ने बताया कि मामले में परिजनों की ओर से लिखित तहरीर मिली है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।