सोनभद्र। जिला पेयजल एवं स्वच्छता समिति की शुक्रवार को हुई बैठक में डीएम ने पाइपलाइन बिछाने के दौरान खोदी गई सड़कों की मरम्मत में लापरवाही पर नाराजगी जताई। संबंधित एजेंसी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने का निर्देश दिया। सड़कों की मरम्मत का कार्य समय सीमा में गुणवत्ता पूर्ण ढंग से कराने की हिदायत दी।
कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में डीएम चंद्र विजय सिंह ने जिले में जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने, टंकी के निर्माण कार्य व हर घर पेयजल कनेक्शन उपलब्ध कराने वाले कार्यों के प्रगति की समीक्षा की। डीएम ने भेलाही, केवथा सहित जिले की अन्य ग्राम समूह पेयजल परियोजना की समीक्षा की तो घरों में पेयजल कनेक्शन देने की प्रगति धीमी मिली।
इस पर डीएम ने संबंधित एजेंसी के प्रतिनिधियों को निर्देशित करते हुए कहा कि हर घर को नल से जल उपलब्ध कराना शासन की शीर्ष प्राथमिकता वाली परियोजना हैं। इसमें लापरवाही न करें। सड़कों को खोदकर गड्ढों की मरम्मत समय से पूरा करें। सड़कों की गुणवत्ता की जांच पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन से कराई जाय। गुणवत्ता में मिलने पर संबंधित एजेंसी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करें।
इस दौरान उन्होंने अधिशासी अभियंता विद्युत को निर्देशित करते हुए कहा कि पाइप पेयजल परियोजना के लिए विद्युत आपूर्ति निर्धारित वोल्टेज व रोस्टर के अनुरूप सुनिश्चित करें। जिले के शासकीय भवन, प्राथमिक व उच्च प्राथमिक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, आंगनबाड़ी केंद्रों, शासकीय भवनों को प्राथमिकता के आधार पर विद्युत कनेक्शन जल आपूर्ति की व्यवस्था कराएं। बैठक में सीडीओ सौरभ गंगवार, एडीएम आशुतोष दुबे सहित विभिन्न कार्यदाई संस्थाओं के अधिकारी मौजूद रहे।