दुद्धी में ताजिया जुलूस के दौरान डीजे पर अशोभनीय गीत बजाने पर पुलिस ने कार्रवाई की है। इस मामले में डीजे संचालक के विरुद्ध केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने डीजे भी जब्त कर लिया है। गीत पीएम मोदी और सीएम योगी पर आधारित था।
कस्बा चौकी इंचार्ज जयशंकर राय ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि मुहर्रम हेड कांस्टेबल अशोक कुमार के साथ कस्बा क्षेत्र में शांति व्यवस्था ड्यूटी में मौजूद रहे। ताजिया जुलूस कस्बा दुद्धी से कर्बला की तरफ जा रहा था।
ताजिया जुलूस के साथ चल रहे डीजे वाहन भी शामिल रहा। कस्बा चौकी के लगभग 10 मीटर आगे पहुंचने पर डीजे संचालक खजुरी निवासी रितिक ने एक गाना बजाया, जो पीएम मोदी और सीएम योगी के प्रति अशोभनीय व धार्मिक भावनाओं को भड़काने वाला था।
गाना सुनते ही लोग आक्रोशित होने लगे। कोतवाल मनोज सिंह ने बताया कि डीजे संचालक व वाहन चालक रितिक के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में कार्रवाई करते हुए डीजे को कब्जे में किया गया। वह वाहन से संबंधित कागज मांगने भी प्रस्तुत नहीं कर सका।