अनपरा नगर के मुख्य बाजार में जाम की समस्या के समाधान के लिए डिवाइडर का निर्माण होगा। वाहनों के आने-जाने के लिए लेन निर्धारित होने राहगीरों को राहत मिलेगी। सड़कों के बीच होने वाली अवैध पार्किंग भी बंद होगी। नगर पंचायत को डिवाइडर बनाने के लिए 26 लाख रुपये मिले हैं।
शीघ्र ही इससे कार्य आरंभ होगा। करीब ढाई दशक पहले अनपरा बाजार की मुख्य सड़क का निर्माण हुआ, लेकिन सड़क के बीच में डिवाइडर नहीं बन पाया। मध्य में मिट्टी व गंदगी से बाजार के व्यापारी और ग्राहक दोनों ही परेशान रहते हैं।
जगह खाली होने के कारण डिवाइडर वाली जगह पर लोग अपने वाहन खड़ी करते हैं। कई जगहों पर चौकी रखकर अतिक्रमण कर लिया है, जिस कारण बाजार की सड़क सिकुड़ गई है। अक्सर जाम की स्थिति बनती है। लंबे समय से व्यापारी डिवाइडर और शौचालय बनाने की मांग करते रहे हैं।
गत वर्ष सभासदों ने भी इसके लिए नगर पंचायत को प्रस्ताव दिया था। इसी क्रम में नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नगर पंचायत बाजार में डिवाइडर बनाने के लिए 26 लाख रुपये का प्रस्ताव तैयार किया है। डिवाइडर निर्माण के बाद बीच में पौधरोपण भी किया जाएगा।
ईओ अर्पणा मिश्रा ने बताया कि डिवाइडर बनाने के लिए आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। जल्द ही कार्य शुरू कराया जाएगा।