कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा करते डीएम एस राजलिंगम
- फोटो : SONBHADRA
सोनभद्र। ग्राम पंचायतों में जरूरी विकास कार्य कराने के लिए जन योजना अभियान के तहत खुली बैठक बुलाकर कार्ययोजना तैयार करने के साथ ही पेयजल, स्थानीय रोजगार व अन्य जरूरी चीजों को प्राथमिकता दी जाए। ये निर्देश जिलाधिकारी एस राजलिंगम और सीडीओ डा. अमित पाल शर्मा ने जन योजना अभियान की वार्षिक कार्ययोजना तैयार करने के लिए बुलाई गई बैठक में अधिकारियों को दिए।
जिलाधिकारी ने मिशन अन्त्योदय के तहत सर्वे की प्रक्रिया यथाशीघ्र पूरी करने की हिदायत दी। कहा कि ग्राम स्तरीय नोडल अधिकारियों से भी कार्ययोजना बनवा ली जानी चाहिए। कार्ययोजना से पहले ग्राम सभा की खुली बैठकों की तारीखें भी तय कर ली जानी चाहिए। ताकि बैठकों में ग्रामीण गांव में जरूरत के हिसाब से विकास कार्य कराने के लिए सुझाव दे सकें। बैठक में ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) की आवश्यक बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान जिलाधिकारी ने विभागीय अधिकारियों को ग्राम पंचायतों के विकास के लिए वार्षिक कार्ययोजना खुली बैठकों में तैयार कराने के निर्देश दिए। कहा कि कार्ययोजना में सभी जरूरीतथ्यों को शामिल किया जाना चाहिए।
उन्होंने 2 अक्तूबर से 31 जनवरी 2021 के मध्य सहभागी ग्राम पंचायत योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया। बैठक में डीपीआरओ विशाल सिंह ने कार्ययोजना तैयार करने के संबंध में बिन्दुवार तथ्य प्रस्तुत किये। मौके पर मौजूद सभी अधिकारियों से रचनात्मक सुझाव भी मांगे गये। ग्राम प्रधान संघ के गोपीनाथ गिरि ने कई रचनात्मक तथ्य प्रस्तुत किये, जिसे कार्ययोजना में शामिल करने के लिए सहमति बनी। बैठक में डीसी मनरेगा टीबी सिंह, ब्लाक प्रमुख राबर्ट्सगंज अशोक कुमार सिंह, जिलाध्यक्ष प्रधान संघ गोपीनाथ गिरि समेत कई अन्य लोग मौजूद रहे।