संभल के दीपासराय में बवाल के आरोपियों को पकड़ने के लिए दी गई दबिश के दौरान पूछताछ करता पुलिसकर्मी। अमर उजाला
- फोटो : amar ujala
रेलवे ब्रिज के ठेके और कंस्ट्रक्शन कंपनी की आड़ में सामानों की आपूर्ति में लाखों रुपये की ठगी का मामला एसपी तक जा पहुंचा है। एमपी के एक बिधायक की बहू समेत कई लोगों की शिकायत को ध्यान में रखते हुए एसपी लल्लन सिंह यादव ने अनपरा पुलिस से आख्या तलब करते हुए प्रकरण में कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
विधायक की बहू ऊषा वैश्य, बैढ़न निवासी व्यापारी अमित कुमार साहू और अनपरा बाजार निवासी आशीष मिश्रा ने एसपी से आनलाइन शिकायत में कहा है कि कहुआनाला निवासी एक व्यक्ति ने खुद को एक इंजीनियर बताया और कहा कि उसे रेलवे का एक बड़ा ठेका मिला है। वर्कआर्डर देते हुए उनसे 28 लाख से अधिक सामानों की आपूर्ति ले ली। भुगतान के नाम पर अधिकांश धनराशि का दूसरे कंस्ट्रक्शन कंपनी का चेक थमा दिया।
चेक को भुगतान के लिए जब बैंक में डाला गया तो इसे खाते में रुपये न होने की बात कहते हुए अनादरित कर दिया गया। बार-बार तकादा के बाद भी रुपये नहीं दिए गए। शिकायत में आरोप लगाया गया कि बाद में धमकी देनी शुरू कर दी गई। इस बीच पता चला कि उक्त व्यक्ति द्वारा फर्जी ठेका और कंपनी की आड़ में सामग्री लेकर उसे कहीं बेच दिया गया। पीड़ितों ने मामला दर्ज कर कार्रवाई करने और रुपया वापस दिलाने की गुहार लगाई है।
पुलिस का कहना है कि मामले की सत्यता जांची जा रही है। आरोप सही मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि प्रकरण का खुलासा होने के बाद कथित कंपनी के कर्ता-धर्ताओं की तरफ से रेलवे की जमीन पर बनाए गए कैंप आफिस एवं अन्य निर्माण को रेलवे की तरफ से ढहाया जा चुका है। किसी तरह का ठेका न होने की बात कहते हुए, प्रकरण में आरपीएफ को भी आरोपी के खिलाफ कार्रवाई के लिए लगाया गया है।