सोनभद्र। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा का परिणाम घोषित हुए करीब एक माह से ज्यादा समय बीत गया लेकिन अब तक किसी भी विद्यालय में अंक पत्र और प्रमाण पत्र नहीं पहुंचा है। हालांकि बच्चों को विद्यालयों से डिजिटल मार्कशीट ्देने की व्यवस्था की गई है। इसके लिए विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को आईडी और पासवर्ड दिया गया है ताकि वे जरूरतमंद छात्र-छात्रा को डिजिटल अंकपत्र प्रमाणित दें सकें।
यूपी बोर्ड की परीक्षा में इस वर्ष हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में हजारों छात्र-छात्राएं जिले से उत्तीर्ण हुए हैं। उन्हें अगली कक्षा में प्रवेश के लिए अंक पत्र और प्रमाण पत्र चाहिए। लेकिन करीब एक माह बीतने के बावजूद अब तक किसी भी विद्यालय का अंक पत्र, प्रमाण पत्र नहीं आ सका है। बच्चों को ऑनलाइन ही यह मिल पा रहा है। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार इस बार अभी तक अंक पत्र और प्रमाण पत्र नहीं आया है। छात्र-छात्राओं को विद्यालय से डिजिटल अंकपत्र दिया जा रहा है। इसके लिए विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को आईडी और पासवर्ड दिया गया है। उसी आधार पर प्रधानाचार्य डिजिटल अंक पत्र खुद प्रमाणित करके दे रहे हैं, ताकि छात्र-छात्राओं को अगली कक्षा में प्रवेश में कोई दिक्कत न आए। उधर कोन प्रतिनिधि के अनुसार विद्यालयों में अभी अंकपत्र नहीं आया है। वेबसाइट पर अंकपत्र उपलब्ध है। लेकिन अब तक किसी छात्र-छात्रा ने अंकपत्र में किसी तरह की त्रुटि की शिकायत नहीं की है। रेणुकूट प्रतिनिधि के अनुसार प्रधानाचार्य रविंद्र सिंह ने बताया कि उनके यहां अंक पत्र में त्रुटि की कोई शिकायत नहीं मिली है। उधर प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक आरएस द्विवेदी ने बताया कि यूपी बोर्ड से अब तक अंक पत्र प्रमाण पत्र नहीं आया हह। वेबसाइट पर यह उपलब्ध है। कोई भी उसे निकाल सकता है। फिलहाल अंकपत्र में किसी तरह के त्रुटि की कोई शिकायत नहीं मिली है।