रेणुकूट क्षेत्र के खाड़पाथर जंगल में पलटा अनियंत्रित टैंकर। स्रोत जागरूक पाठक
क्षेत्र के खाड़पाथर जंगल में शनिवार दोपहर डीजल से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। हादसे के बाद टैंकर से डीजल का रिसाव शुरू हो गया। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बाल्टी, डिब्बा और अन्य बर्तन लेकर मौके पर पहुंच गए और बह रहे डीजल को एकत्र करने लगे।
जानकारी के अनुसार, चंदौली जिले के पीडीडीयू नगर (मुगलसराय) स्थित डिपो से डीजल लेकर मध्य प्रदेश जा रहा टैंकर शनिवार करीब साढ़े तीन बजे खाड़पाथर जंगल के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। प्रत्यक्षदर्शी अरुण यादव ने बताया कि चालक संतु वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर आराम कर रहा था।
वाहन को हटाने के दौरान टैंकर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया और गड्ढे में पलट गया। उन्होंने बताया कि सड़क पर टैंकर खड़ा होने के कारण उनकी कार सामने से आ रहे ट्रक की चपेट में आ गई। हादसे में वाराणसी निवासी कार सवार सौरभ घायल हो गए।
उन्हें उपचार के लिए हिंडाल्को अस्पताल भेजा गया। टैंकर पलटने के बाद बड़ी मात्रा में डीजल का रिसाव होने लगा, जिससे आगजनी जैसी अप्रिय घटना की आशंका बढ़ गई। इसके बावजूद कई लोग मौके पर पहुंचकर डीजल एकत्र करने लगे।
सूचना मिलते ही रेणुकूट चौकी प्रभारी जितेंद्र सरोज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को घटनास्थल से हटाकर सुरक्षा व्यवस्था संभाली। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चोपन अग्निशमन केंद्र को भी सूचना दी गई। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर एहतियातन आवश्यक कदम उठाए और क्षेत्र की निगरानी शुरू कर दी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।