रेणुकूट में हादसे के बाद लगा जाम और दुर्घटनाग्रस्त वाहन।
रेणुकूट। पिपरी थाना क्षेत्र के मुर्धवा-बीजपुर मार्ग पर बृहस्पतिवार की देर शाम डीजल टैंकर और ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में कोयला लदे ट्रक के चालक श्याम (60) की मौत हो गई। टक्कर के बाद टैंकर सड़क पर आड़े-तिरछे हो गया, जिससे मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया और कई किमी लंबा जाम लग गया। शाम करीब छह बजे बभनी की ओर से कोयला लदा ट्रक मुर्धवा की ओर आ रहा था। मुर्धवा से लगभग दो किलोमीटर पहले जंगल क्षेत्र में आलू लदा एक ट्रक खराब होकर सड़क किनारे खड़ा था। खराब ट्रक से ठीक पहले ढलान होने के कारण तेज रफ्तार से आ रहे कोयला लदे ट्रक के चालक का संतुलन बिगड़ गया। इसी दौरान मुर्धवा की ओर से डीजल लेकर जा रहा एक टैंकर सामने आ गया और दोनों वाहनों में आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि डीजल टैंकर घूमकर सड़क पर आड़े-तिरछे खड़ा हो गया, जिससे सड़क पूरी तरह बंद हो गई। हादसे में कोयला लदे ट्रक का चालक रॉबर्ट्सगंज निवासी श्याम (60) केबिन में बुरी तरह फंस गया। आसपास से गुजर रहे वाहन चालकों और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकालकर हिंडाल्को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रेणुकूट चौकी पुलिस ने तत्काल क्रेन मंगवाकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने की व्यवस्था कराई।
मुर्धवा-बीजपुर मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगने के कारण यातायात पुलिस ने वाहनों का डायवर्जन कराया। पिपरी थानाध्यक्ष राजेश चौबे ने बताया कि चालक के घर वालों को सूचना दे दी गई है। उनके आने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।