रॉबर्ट्सगंज में हल्की बारिश से ब चने के लिए छाता लगाकर निकले स्कूल के बच्चें। संवाद
सोनभद्र/रेणुकूट। जिले में बृहस्पतिवार को पूरे दिन बारिश का क्रम बना रहा। कहीं रिमझिम तो कहीं तेज बारिश ने जनजीवन को प्रभावित किया। सड़कों पर कीचड़, फिसलन और जलभराव से राहगीर परेशान रहे तो बच्चे भी भींगते हुए स्कूल पहुंचे। बृहस्पतिवार को सुबह से आसमान में बादल छाए रहे। हल्की फुहारों के बीच सड़कों पर सामान्य दिनों की अपेक्षा आवाजाही कम रही, जबकि दोपहिया वाहन चालकों को भी सावधानी के साथ सफर करना पड़ा। बारिश का असर स्थानीय बाजारों पर भी देखने को मिला। ग्राहकों की संख्या कम रहने से दुकानदारों का कारोबार प्रभावित रहा।
व्यापारियों ने बताया कि खराब मौसम के कारण खरीदारी करने वालों की संख्या घट गई। रिमझिम वर्षा से मौसम सुहाना हो गया और पिछले कई दिनों से बनी उमस से लोगों को राहत मिली। किसानों ने इस बारिश को खरीफ फसलों के लिए लाभकारी बताते हुए समय-समय पर अच्छी वर्षा की उम्मीद जताई। राजस्व विभाग के आंकड़ों के मुताबिक सबसे ज्यादा दुद्धी तहसील में 19 एमएम वर्षा दर्ज की गई। इसके बाद ओबरा में 9, घोरावल में 5 एमएम बारिश हुई। रॉबर्ट्सगंज तहसील में वर्षा शून्य रही। जिले की औसत बारिश 8.25 एमएम दर्ज की गई।