रेणुकूट। नगर स्थित ईएसआई हॉस्पिटल में सोमवार से डेंटल ओपीडी की शुरुआत हुई। इस नई सुविधा के शुरू होने से क्षेत्र के श्रमिकों और औद्योगिक कर्मचारियों को अब दांतों से जुड़ी समस्याओं के इलाज के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। उन्हें स्थानीय स्तर पर ही बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी। सोमवार को नगर पंचायत अध्यक्ष ममता सिंह ने डेंटल ओपीडी का उद्घाटन किया।
अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आशुतोष दत्त त्रिपाठी ने बताया कि डेंटल सेवाएं शुरू होने से मरीजों को समय पर उपचार मिल पाएगा और इलाज में होने वाली देरी से भी राहत मिलेगी। ईएसआई अस्पताल में डेंटल मशीन 20 वर्षों से उपलब्ध थी, लेकिन दंत चिकित्सक की तैनाती न होने के कारण अब तक डेंटल ओपीडी का संचालन नहीं हो पा रहा था। बिड़ला मार्केट स्थित डिस्पेंसरी में तैनात प्रभारी चिकित्सक डॉ. ऋषिमणि त्रिपाठी के पास एमबीबीएस के साथ बीडीएस की भी डिग्री है। उनकी योग्यता को देखते हुए डॉ. आशुतोष दत्त त्रिपाठी ने शासन से पत्राचार कर डेंटल यूनिट संचालन की अनुमति प्राप्त की, जिसके बाद यह सुविधा शुरू हो सकी। निगम के निदेशक डॉ. सौम्य पांडेय ने वर्चुअल माध्यम से डेंटल ओपीडी के शुभारंभ पर अपनी शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर डॉ. आनंद पटेल, अनिल सिंह, डॉ. अखिलानंद मिश्र आदि मौजूद रहे।