सोनभद्र। जिले से सटे मध्य प्रदेश में आदिवासी परिवार के पांच सदस्यों की हत्या मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग को लेकर सोमवार को गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। इस दौरान जिला प्रशासन को राष्ट्रपति के नाम संबोधित मांगपत्र सौंपा। चेतावनी दी कि अगर एमपी सरकार ने हत्या के आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कराया तो बड़े पैमाने पर आंदोलन किया जाएगा।
इस दौरान वक्ताओं ने कहा मध्यप्रदेश में आदिवासी परिवार के पांच सदस्यों को मारकर जमीन में गाड़ दिया गया था लेकिन अभी तक न तो हत्यारोपियों की गिरफ्तारी हुई और न ही मृतकों के आश्रितों को सहायता धनराशि उपलब्ध नहीं कराई गई। राष्ट्रीय संगठन मंत्री डॉक्टर अशर्फी सिंह परस्ते ने कहा कि मध्य प्रदेश के जिला देवास नेमावर थाना अंतर्गत पंचायत नेमवार गांव में डेढ़ माह पूर्व एक ही परिवार के पांच लोगों की हत्या कर शवों को जमीन में गाड़ दिया गया था। शवों को बरामद करने वाली पुलिस ने अभी तक हत्यारोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। कहा कि अगर मध्य प्रदेश शासन अपराधियों को सजा दिलाने में हीलाहवाली किया तो संगठन देशव्यापी बड़ा आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी। जिलाध्यक्ष रामनरेश पोया, रामचंद्र, राम सिंह, दयाशंकर, हीरालाल, देवी सिंह, संतोष कुमार, डॉ कैलाश नाथ, रामचरित, लवकुश, रामेश्वर, राम कुमार, श्रीराम, कमलेश, छोटेलाल, शिवप्रसाद, ज्ञानी आदि मौजूद रहे।