सोनभद्र। जिले में बिजली का बिल जमा न करने वालों के खिलाफ कार्यवाही तेज कर दी गई है। अभी तक विभाग की ओर से करीब दस करोड़ 45 लाख 98 हजार के बकायेदारों के खिलाफ आरसी जारी करते हुए तहसीलों को वसूली के लिए भेज दी है। कुछ तहसील कर्मी बकाया वसूली करने में रुचि नहीं ले रहे हैं।
एडीएम योगेंद्र बहादुर सिंह ने सभी एसडीएम से अभी तक जारी आरसी के सापेक्ष कितने बकाएदारों से कितनी वसूली हुई के संबंध में रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। वसूली में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्यवाही करने की तैयारी शुुरू कर दी गई है। अभी तक सदर तहसील क्षेत्र के चार करोड़ 21 लाख 21 हजार 749 रुपये के बकाएदारों के खिलाफ आरसी जारी की जा चुकी है। वहीं दुद्वी तहसील के 70 लाख 88 हजार 327, घोरावल के एक करोड़ तीन लाख 63 हजार 810 और ओबरा तहसील क्षेत्र के तीन करोड़ 62 लाख 69 हजार 353 रुपये के बकायेदारों के खिलाफ आरसी जारी कर उपजिलाधिकारियों को बकायेदारों की सूची भेजी है। तहसील प्रशासन की ओर से अभियान चलाकर अभी तक बकायेदारों से करीब एक करोड़ की वसूली की जा चुकी है।
सभी एसडीएम अभी तक जारी आरसी के सापेक्ष कितने बकाएदारों से कितनी वसूली हुई के संबंध में रिपोर्ट मांगी गई है। वसूली में रूचि न लेने वाले कर्मियों को चिन्हित कर कार्यवाही की जाएगी।
योगेंद्र बहादुर सिंह, अपर जिलाधिकारी