राज्य कर्मचारी का दर्जा, मानदेय बढ़ाने समेत अन्य मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट परिसर में शुक्रवार को आंगनबाड़ी एवं सहायिका वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले कार्यकर्ताओं ने धरना दिया व सभा की ।
चेतावनी देते हुए कहा कि शीघ्र मांगों को पूरा नहीं किया गया तो वृहद आंदोलन करने को बाध्य होंगी। इस दौरान एडीएम मनीलाल यादव को मुख्यमंत्री के नाम मांगपत्र सौंपा गया।
सभा में कहा कि जुलाई, 2014 से एनजीओ के माध्यम से आंगनबाड़ी केेंद्रों पर गर्म भोजन (हाटकुक्ड) मुहैया कराने की व्यवस्था की गई है।
लेकिन आज तक नक्सल और दुरूह क्षेत्र के अधिकांश केेंद्रों पर गर्म भोजन नहीं पहुंचा। बीमा योजना की जानकारी न होने के कारण कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओें को बीमा योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
कहा कि कई आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा गर्म भोजन का दिया गया मासिक रिपोर्ट बाल विकास परियोजना घोरावल की मुख्य सेविका एवं एनजीओ गायब कर देती हैं।
इसकी जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई होनी चाहिए। कहा कि प्रदेश सरकार कार्यकर्ताओं को नियमित करते हुए राज्य कर्मचारी का दर्जा दें।
आंगनबाड़ी केंद्रों पर पूर्व की भांति गर्म भोजन की व्यवस्था और महंगाई को देखते हुए शीघ्र कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ाया जाए। इस मौके पर जिलाध्यक्ष कविता कुशवाहा, माला देवी, सुशीला, माया चौहान, शीला, उषा देवी, शशिकला, सुशीला मौर्य, गीता, नाजमा खातून मौजूद रहीं।