हक की लड़ाई के लिए शुक्रवार को राबर्ट्सगंज के हाइडिल मैदान में अनुसूचित जनजाति जागृति मंच के बैनर तले आदिवासियों ने बैठक की।
बढ़ौली चौक से आदिवासी चुनाव में आरक्षण दिए जाने समेत अन्य मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए जुलूस के शक्ल में सिविल लाइंस रोड होते हुए बैठक में पहुंचे।
बैठक में मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री विजय सिंह ने कहा कि आदिवासियों की लड़ाई अभी आरक्षण के लिए लड़ी जा रही है। कहा कि अभी तक कोल, उराव, धांगर, घसिया समेत दस जातियों को आदिवासी का दर्जा नहीं मिला है।
कहा कि साजिश करके वनाधिकार कानून के तहत जंगल की भूमि पर वर्षों से काबिज आदिवासियों को मालिकाना हक नही दिया जा रहा है।
इसे किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अध्यक्षता कर रहे अनुसूचित जनजाति जागृति मंच के अध्यक्ष रमाशंकर ओयमा ने कहा कि आदिवासियों को हक की लड़ाई लड़ने के लिए एकजुट होना होगा।
विजय लाल मरकाम ने कहा कि वनकर्मी गरीबों से धन उगाही कर उनका आर्थिक शोषण कर रहे है। वक्ताओं ने कहा कि आदिवासियों का शोषण बंद करते हुए उनको उनका हक नहीं दिया गया तो कलेक्ट्रेट का घेराव किया जाएगा।
इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन और जिला प्रशासन की होगी। बैठक में रामबली, राम नारायण नेटी, रामलखन मरकाम, रामकेश, राम प्रसाद पनिका, जवाहर खरवार, रामजग, शिव संभर मौजूद रहे।